📅 Published on: February 3, 2025
kapilvastupost
सिद्धार्थनगर, सिद्धार्थनगर महोत्सव के अंतिम दिन रविवार को पंचायती राज विभाग की ओर से संगोष्ठी हुई। इसमें प्रधानों को पंचायती राज व्यवस्था, विभागीय योजनाओं व अन्य विषयों पर जागरूक करने के साथ ही सभी को उनके कार्य एवं दायित्व के प्रति सचेत किया गया।
सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि देश के विकास में पंचायती राज व्यवस्था की भूमिका अहम है। बेहतर विकास कार्य कर पंचायत प्रतिनिधि दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बनें। सांसद ने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होता है, जब पंचायती राज व्यवस्था मजबूत और गांव सशक्त हो।
जनपद के 14 ब्लॉकों में एक-एक स्टेडियम बनाने के लिए केन्द्र सरकार से बजट दिलाने के लिए प्रयास करूंगा। विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश ने कहा कि प्रधान ही ग्राम पंचायत की आत्मा है। गांव के हितों की रक्षा ग्राम प्रधान ही करते हैं। सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन स्थापित कराया गया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान ने ग्राम प्रधानों के कार्यों की सराहना की। ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा ने कहा कि अब ग्राम पंचायतों में अच्छी सड़कें व नालियां, आवास, पेयजल से अच्छादित हो रहे हैं।
अंत में ग्राम पंचायतों में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों को स्मृति चिन्ह व सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया है। इस अवसर पर सीडीओ जयेंद्र कुमार, डीडीओ गोपल प्रसाद कुशवाहा, डीपीआरओ पवन कुमार, एडीपीआरओ दिनेश राय, ताकिब रिजवी, ज़फर आलम आदि मौजूद रहे।