सिद्धार्थनगर में चाय पीने के बाद 4 युवकों की बिगड़ी हालत, गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल रेफर

Kapilvastupost

इटवा (सिद्धार्थनगर): सिद्धार्थनगर जिले के इटवा थाना क्षेत्र के मस्जिदिया इलाके में काम करने के बाद चाय पीना चार युवकों को भारी पड़ गया। गुरुवार शाम चाय पीने के कुछ ही देर बाद चारों युवकों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

आनंद-फानंद में स्थानीय लोगों की मदद से चारों युवकों को गंभीर अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इटवा पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी बिगड़ती स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

काम खत्म कर मंगाई थी चाय

जानकारी के अनुसार, इटवा कस्बा निवासी तौसीफ (22), मोहम्मद समीर (22), सूरज (19) और अब्दुल हफीज (27) मस्जिदिया क्षेत्र में काम कर रहे थे। गुरुवार शाम काम पूरा होने के बाद चारों ने चाय पीने का मन बनाया और मस्जिदिया स्थित एक फास्ट फूड की दुकान से चाय मंगवाकर पी।

चाय पीने के कुछ ही समय बाद चारों युवकों की तबीयत अचानक खराब होने लगी। उनकी स्थिति बिगड़ती देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें सीएचसी इटवा पहुंचाया।

डॉक्टरों ने बताया बेहाशी की स्थिति

सीएचसी के डॉक्टर समीम ने बताया कि चारों मरीजों को बेहोशी और अचेत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार दिए जाने के बावजूद जब उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और हालत गंभीर बनी रही, तो उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।