सिद्धार्थ नगर : कंबाइन की चपेट में आने से दो की मौत, मासूम गंभीर डी एम ने भूसा बनाने वाली मशीनों को अग्रिम आदेश तक लगाई रोक

आग लगी की घटनाओं ने प्रशासन को झकझोर कर रख दिया है कम से कम जान मॉल के नुकसान को देखते हुए भूसा बनाने वाली मशीनों पर लगी रोक

Nizam Ansari 

बिस्कोहर, सिद्धार्थ नगर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को दो अलग-अलग घटनाओं में कंबाइन मशीन की चपेट में आने से एक युवक और एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक मासूम गंभीर रूप से घायल हो गई।

पहली घटना बिस्कोहर कस्बे के वार्ड नंबर दो हनुमान नगर सिकौथा में हुई, जहां बाबूलाल गौतम का 18 वर्षीय बेटा अमन गौतम अपनी 6 वर्षीय बहन प्रियांशी को बुलाने गया था। प्रियांशी गांव के दक्षिण नहर के पास गेहूं की कटाई कर रही कंबाइन मशीन को देखने गई थी। इसी दौरान कंबाइन को पीछे करते समय अमन और प्रियांशी उसके पहियों के नीचे आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद कंबाइन चालक और मजदूर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोग और परिजन दोनों को इलाज के लिए बिस्कोहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने अमन को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रियांशी की हालत गंभीर देखते हुए उसे सीएचसी इटवा रेफर कर दिया गया।

दूसरी घटना त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के मुडिला मिश्र गांव में हुई। यहां 50 वर्षीय अकबर अली पुत्र नज़ीर अपने खेत में गेहूं की कटाई करवा रहे थे। इसी दौरान कंबाइन की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए सीएचसी इटवा रेफर कर दिया। बाद में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

इन दोनों घटनाओं से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और कंबाइन चालक की तलाश की जा रही है।