📅 Published on: April 9, 2025
इटवा-बेलवा मार्ग पर बढ़या पीएचसी के पास सोमवार रात हुआ हादसा
गुरु जी की कलम से
मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के इटवा-बेलवा मार्ग पर सोमवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। बढ़या स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो व्यक्तियों को टक्कर मार दी। हादसे में वेल्डिंग कारीगर वीरेंद्र उर्फ फेरू (35) की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी अमरजीत (36) गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है।
केरवनिया गांव निवासी वीरेंद्र अपने गांव के ही अमरजीत के साथ बाइक से इटवा गया था। लौटते समय रात में बढ़या पीएचसी के पास सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने वीरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। अमरजीत का उपचार जारी है और उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
मृतक वीरेंद्र अपने पीछे पत्नी प्रमिला (33), दो बेटे अपीस (9) और राज (5), और एक बेटी मनीषा को छोड़ गया है। वीरेंद्र वेल्डिंग का कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार के पास कोई कृषि भूमि नहीं है, जिससे अब उनकी आर्थिक स्थिति और भी संकटग्रस्त हो गई है।
थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।