डुमरियागंज: राप्ती नदी में नहाने गए किशोर की डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

Kapilvastupost

डुमरियागंज क्षेत्र के वॉर्ड नंबर 14 कृष्णा नगर निवासी एक 13 वर्षीय किशोर की शनिवार को राप्ती नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह नदी में नहाने गया था और गहरे पानी में चले जाने के कारण डूब गया।

मृतक की पहचान श्रेयांश निषाद पुत्र राजू निषाद के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी के किनारे मौजूद लोगों ने जब उसे डूबते देखा तो शोर मचाया, जिससे आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे नदी से बाहर निकाला। तत्काल परिजनों को सूचना दी गई, जो उसे गंभीर अवस्था में लेकर बेंवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। प्रभारी निरीक्षक श्यामसुंदर तिवारी ने बताया कि पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भरने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने श्रेयांश का अंतिम संस्कार कर दिया है।

स्थानीय लोगों ने इस दुखद घटना पर शोक जताते हुए नदी किनारे सुरक्षा उपायों की मांग की है।