📅 Published on: April 17, 2025
गांव की जनता की तकलीफ मेरी अपनी तकलीफ है।
बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कत हो, यह मैं बर्दाश्त नहीं कर सकता। इस सड़क का निर्माण मेरी प्राथमिकता में है, जल्द कार्य शुरू होगा। जनता ने मुझे सेवा का अवसर दिया है, मैं हर गांव तक विकास पहुंचाऊंगा। विधायक विनय वर्मा
गुरु जी की कलम से
बढ़नी / सिद्धार्थनगर ढ़ेबरुआ-ढ़ेकहरी मार्ग पर स्थित आरा मशीन से लगभग 2 किलोमीटर की दूरी पर दाहिनी ओर एक कच्ची सड़क निकलती है, जो बैरिहवा गांव को जोड़ती है। यह कच्ची सड़क ग्रामीणों के लिए जीवन रेखा है, लेकिन बरसात के मौसम में यह सड़क दलदल में तब्दील हो जाती है, जिससे पूरा गांव एक तरह से अलग-थलग पड़ जाता है।
ग्रामवासियों, विशेष रूप से स्कूली बच्चों और विद्यार्थियों को स्कूल जाने के लिए कई किलोमीटर की वैकल्पिक दूरी तय करनी पड़ती है। कई बार बच्चे कीचड़ और फिसलन में गिर जाते हैं, बीमार हो जाते हैं, तो कई बार गांव के बुजुर्ग दवा लेने तक नहीं जा पाते। ग्रामीणों की इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए भारतीय मजदूर यूनियन के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. जियाउर्रहमान मंसूरी ने शुक्रवार को शोहरतगढ़ के लोकप्रिय विधायक विनय वर्मा से मुलाकात की और उन्हें इस गंभीर समस्या पर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
विनय वर्मा: जनसेवा और विकास के प्रतीक
विधायक विनय वर्मा को उनके क्षेत्र में “विकास पुरुष” के नाम से जाना जाता है। तेजतर्रार, संवेदनशील और हर वर्ग के लोगों की आवाज़ सुनने वाले विधायक विनय वर्मा ने इस ज्ञापन को पूरी गंभीरता से लिया और तत्काल कार्यवाही का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस मार्ग की स्थायी मरम्मत कराई जाए ताकि बरसात में भी गांव का संपर्क बना रहे।
इस मौके पर डॉ. मंसूरी ने कहा, यह मार्ग ग्रामीणों की जीवनरेखा है। स्कूली बच्चे, मरीज, और बुजुर्ग सभी इसी रास्ते पर निर्भर हैं। बरसात में यह मार्ग न केवल बंद हो जाता है, बल्कि कई बार दुर्घटनाओं का कारण भी बनता है। मैं इस संवेदनशील मुद्दे को विधायक विनय वर्मा जी के समक्ष लेकर गया, क्योंकि उन्हें जनता की समस्याओं की सच्ची समझ है।
ग्रामीणों में दिखा राहत का भाव
विधायक द्वारा मामले को गंभीरता से लिए जाने के बाद ग्रामीणों में उम्मीद की लहर दौड़ गई है। ग्रामवासी अब आश्वस्त हैं कि जल्द ही इस कच्चे मार्ग को पक्का किया जाएगा और बरसात के दिनों में उन्हें आवागमन की कोई समस्या नहीं होगी।
ग्रामीणों ने विधायक विनय वर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे नेता ही असली जनप्रतिनिधि होते हैं, जो जमीन की सच्चाई को समझते हैं और गांव की आवाज़ को सत्ता के गलियारों तक ले जाते हैं।