ननिहाल आए युवक का गला रेतकर हत्या का प्रयास, आरोपी फरार

Ramesh kumar

सिद्धार्थनगर। बढ़नी ब्लॉक के ग्राम पंचायत खैरी उर्फ झुंगहवां में ननिहाल आए युवक पर जानलेवा हमला किया गया। नगपरी निवासी सोनू राजभर (20 वर्ष) अपने मामा के घर शादी का कार्ड बांटने आया था। रविवार भोर करीब तीन बजे गांव के ही दुर्गेश राजभर (21 वर्ष) ने धारदार हथियार से सोनू का गला रेत दिया। गंभीर रूप से घायल सोनू का इलाज सिद्धार्थनगर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

बताया जा रहा है कि सोनू का गांव की एक लड़की से बातचीत करना हमले की वजह बना। घायल युवक ने आरोपी दुर्गेश पर जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पूरे क्षेत्र में घटना की चर्चा है और लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।