सिद्धार्थ नगर – बारात में सजावट कर रहे युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, दो और लोग भी घायल

रमेश कुमार यादव 

डुमरियागंज थाना क्षेत्र के महतिनियां बुजुर्ग गांव में बुधवार रात एक बारात समारोह के दौरान सजावट कर रहे युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। मारपीट की इस घटना में बीच-बचाव करने आए दो अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

क्या है मामला?
महतिनियां बुजुर्ग निवासी विक्रम यादव ने बताया कि बुधवार रात इटवा थाना क्षेत्र के नयेनगर गांव से रामजी उर्फ जक्का चौरसिया के यहां बारात आई थी। वह सजावट का कार्य कर रहा था और कार्य पूरा कर पास में खड़ी बाइक पर बैठा था। इसी दौरान अशोक नामक युवक एक अज्ञात वाहन से वहां आया और विक्रम को गाली-गलौज करते हुए मारने-पीटने लगा।

मारपीट के दौरान अशोक ने चाकू से विक्रम पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पास खड़े आशीष पांडेय और निसार अहमद बीच-बचाव को आए तो हमलावर ने उन्हें भी चोट पहुंचाई। तीनों घायल हो गए।

पुलिस की कार्रवाई
डुमरियागंज प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।