सिद्धार्थ नगर – गेहूं निकालने के विवाद में खून की होली: पति की पीट-पीटकर हत्या, पत्नी अस्पताल में भर्ती

रमेश कुमार यादव इटवा 
इटवा थाना क्षेत्र के पटेल नगर अंतर्गत पकड़ी शुक्ल गांव में शुक्रवार शाम गेहूं निकालने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दरवाजे के अंदर रखे अनाज को लेकर दो पक्षों में हुए संघर्ष में पंचराम गिरी (55) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि उनकी पत्नी राजमति (52) गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है।

क्या है पूरा मामला?
पकड़ी शुक्ल निवासी पंचराम गिरी अपनी पत्नी के साथ गांव के बाहर गड्ढे से मिट्टी निकालने गए थे। लौटने पर उन्होंने देखा कि पट्टीदार उनके घर का दरवाजा खोलकर डेहरी में रखा गेहूं निकाल रहे हैं। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट में बदल गया।

आरोप है कि पट्टीदारों ने मिलकर पति-पत्नी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। दोनों को गंभीर चोटें आईं। आनन-फानन में उन्हें सीएचसी इटवा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पंचराम को मृत घोषित कर दिया। पत्नी राजमति का इलाज चल रहा है और उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस का क्या कहना है?
इटवा थानाध्यक्ष श्यामसुंदर तिवारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।