📅 Published on: May 17, 2025
गुरु जी की कलम से / बढ़नी/सिद्धार्थनगर।
त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के परसोहिया तिवारी गांव में दो महीने पहले संदिग्ध हालात में मारे गए मोहम्मद कैफ़ की लाश शुक्रवार को न्यायालय के आदेश पर कब्र से निकाली गई। यह कार्रवाई प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में हुई।
मृतक के पिता का आरोप है कि 17 मार्च की शाम सात बजे गांव के दबंग भल्लू और असरफी ने पुराने विवाद के चलते कैफ़ पर ट्रैक्टर चढ़ाकर उसकी हत्या कर दी थी। आरोप है कि इस जघन्य हत्या को दुर्घटना दिखाकर मामले को दबा दिया गया।
परिजनों ने बताया कि घटना के बाद त्रिलोकपुर थाने की तत्कालीन पुलिस ने न सिर्फ शिकायत दर्ज करने से इनकार किया, बल्कि डराकर-धमकाकर शव को जबरन दफनवा दिया गया।
परिवार ने न्याय की उम्मीद में कोर्ट का रुख किया। न्यायालय के आदेश पर शुक्रवार को कब्र से शव निकाला गया, जिसके बाद पूरे मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है।
परिजनों का कहना है कि घटना से कुछ समय पहले आरोपियों से कहासुनी भी हुई थी और तभी उन्हें धमकियां मिली थीं।
अब जब कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद शव को निकाला गया है, तो पुलिस की भूमिका पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पूरा मामला अब जांच के घेरे में है और पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद है|