सिद्धार्थ नगर – बांध की कटान से टूटी सड़क बनी हादसे का सबब, दर्जनभर गांवों का संपर्क टूटा, प्रशासन मौन

गुरु जी की कलम से

बढ़नी विकासखंड के कई गांवों में बूढ़ी राप्ती नदी की कटान ने बड़ी समस्या खड़ी कर दी है। तोलिहवा टोला ईटहिया गांव के दक्षिणी हिस्से में नदी ने 2017 से कटान शुरू किया था और अब तक पीडब्ल्यूडी सड़क को पूरी तरह नदी में समा दिया है। पिछले वर्ष आई भयंकर बाढ़ ने हालात और बदतर कर दिए। किसानों की फसलें तबाह हो गईं और सड़क, बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी ठप हो गईं।

स्थानीय निवासी निसार अहमद ने बताया कि लगभग एक वर्ष से मार्ग बाधित है, लेकिन संबंधित विभाग ने अब तक कोई पहल नहीं की। ग्रामीणों ने विधायक विनय वर्मा से शिकायत की, जिसके बाद विधायक ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर सड़क निर्माण और कटान रोकने के लिए स्थाई उपाय करने का आग्रह किया।

स्थिति इतनी गंभीर है कि एक सेकंड की देरी भी किसी को सीधा नदी में गिरा सकती है। बाइक और पैदल यात्रियों के लिए रास्ता जानलेवा बन चुका है। जिला प्रशासन की उदासीनता के चलते दर्जनों गांवों का संपर्क कट गया है और ग्रामीण आवागमन के संकट से जूझ रहे हैं।