ब्रेकिंग न्यूज़ | सिद्धार्थनगर शादी के 25 दिन बाद फांसी के फंदे पर लटका दूल्हा, सूपाबक्सी गांव में मचा कोहराम

महेंद्र कुमार गौतम

सिद्धार्थनगर जनपद के जोगिया उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सूपाबक्सी गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक नवविवाहित युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 23 वर्षीय चन्द्रेश पुत्र जगनरायन के रूप में हुई है, जिसकी शादी 6 मई 2025 को हुई थी।

सूत्रों के अनुसार, घटना के समय चन्द्रेश घर की छत पर बने कमरे में था। जब परिवार के लोगों ने उसे नहीं देखा तो छत पर जाकर देखा, जहां वह कुंडी से फांसी के फंदे पर झूल रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही जोगिया उदयपुर थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा अपनी टीम व फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, शादी के कुछ ही दिनों बाद दुल्हन मायके चली गई थी और जब घटना की सूचना उसे दी गई तो वह ससुराल आने को तैयार नहीं हुई। दुल्हन की बजाय उसके पिता और भाई मौके पर पहुंचे।

शव नीचे लाते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुट गई है और आत्महत्या के कारणों की छानबीन की जा रही है।

फिलहाल ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नवविवाहित चन्द्रेश ने ऐसा कदम क्यों उठाया।

यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।