📅 Published on: June 8, 2025
महेंद्र कुमार गौतम
गोल्हौरा थाना क्षेत्र के डड़वा गांव में शुक्रवार रात आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ा कि एक युवक ने दूसरे पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
महिलाओं के विवाद ने ली हिंसक मोड़
घटना की शुरुआत दो परिवारों की महिलाओं के बीच घरेलू विवाद से हुई। कहासुनी तेज हुई तो दोनों पक्षों के युवक भी मौके पर पहुंच गए। बात बढ़ी और गुस्से में आकर कृष्णा प्रजापति (19) ने पास में रखा चाकू निकालकर रामसुध (18) के पेट में वार कर दिया। हमले के बाद रामसुध लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल घायल रामसुध को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक इलाज के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही गोल्हौरा थानाध्यक्ष राजेश कुमार गुप्त मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और परिजनों की तहरीर पर कृष्णा प्रजापति के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और घटना की जांच चल रही है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने गश्त भी बढ़ा दी है।