📅 Published on: June 11, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर,
गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में नहाने गए तीन युवकों की जान पर बन आई। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नदी में नहाते समय डूबने की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें एक किशोर की मौत हो चुकी है जबकि एक युवक अब भी लापता है। तीसरे युवक को स्थानीय नाविक ने जान बचा ली।
पहली घटना मिश्रौलिया थाना क्षेत्र की है, जहां कोल्हुई गांव के तीन युवक—अजय (18), सनी (19) और रवि (20)—मंगलवार को महरथा घाट (बूढ़ी राप्ती नदी) में नहाने गए थे। नहाते समय तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद घाटवार रामचंद्र ने साहसिक प्रयास करते हुए सनी और रवि को तो बचा लिया, लेकिन अजय पानी की गहराई में समा गया और लापता हो गया।
मिश्रौलिया थानाध्यक्ष नरायन लाल श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। देर शाम तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद अजय का कोई सुराग नहीं मिला था। घटना से अजय के परिवार में कोहराम मचा है।
दूसरी घटना लोटन थाना क्षेत्र के मोहाना इलाके की है, जहां रोहूडीला गांव का 11 वर्षीय दानिश पुत्र मुश्ताक सोमवार शाम कूड़ा नदी में दोस्तों के साथ नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथियों के शोर मचाने पर ग्रामीण व परिजन पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और गोताखोरों ने खोजबीन शुरू की और कुछ देर बाद शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने परिजनों की इच्छा पर शव का पंचनामा कर उन्हें सौंप दिया, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इन घटनाओं ने स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है और यह सोचने पर मजबूर किया है कि गर्मियों में नदी स्नान कितना खतरनाक साबित हो सकता है, खासकर जब सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न हों। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी किनारे स्नान करते समय सतर्क रहें और बच्चों को अकेले न जाने दें।