बढ़नी बॉर्डर पर तस्करी के खिलाफ बड़ा एक्शन प्लान, DIG संजीव त्यागी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक

गुरु जी की कलम से

बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
भारत-नेपाल सीमा पर बढ़ती मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के उद्देश्य से बुधवार को बढ़नी कस्टम कार्यालय में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बस्ती मंडल के पुलिस उप महानिरीक्षक संजीव त्यागी एवं गोरखपुर परिक्षेत्र के सहायक आयुक्त सुधीर त्यागी ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में नारकोटिक्स, प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी और गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त नेटवर्क को तोड़ने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने यह स्पष्ट किया कि अब छोटे कैरियर नहीं, बल्कि बड़े तस्कर होंगे मुख्य निशाना।

DIG संजीव त्यागी ने सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों के आपसी समन्वय को और मजबूत करने का निर्देश देते हुए, खासकर जंगल और अन्य गैर-पारंपरिक मार्गों से हो रही तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत बताई।

बैठक में सीमा क्षेत्र में संचालित संदिग्ध मेडिकल स्टोरों पर नजर रखने, प्रतिबंधित नारकोटिक्स दवाओं की अवैध बिक्री की जांच और तस्करी में लिप्त माफिया तंत्र को ध्वस्त करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की गई।

इस अहम बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार, एसडीएम राहुल सिंह, सीओ शोहरतगढ़ सुजीत राय, कस्टम सुप्रीटेंडेंट आर. जी. राम और डी. एन. दूबे, कस्टम इंस्पेक्टर दिनेश व विनदेश्वरी मणि त्रिपाठी, ढेबरुआ थाना अध्यक्ष गौरव सिंह, चौकी इंचार्ज बढ़नी अनिरुद्ध सिंह सहित पुलिस, प्रशासन, कस्टम और SSB के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
SSB की 43वीं वाहिनी की डिप्टी कमांडेंट रीना और 66वीं वाहिनी के प्रभाकर चतुर्वेदी ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।