सिद्धार्थनगर में चिकित्सा क्रांति: मेडिकल कॉलेज में मुफ्त होगी न्यूरो सर्जरी, अब नहीं जाना पड़ेगा महानगरों में

अब न्यूरो मरीजों को मिलेगा फ्री इलाज और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवा, सिद्धार्थनगर की स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई उड़ान

निजाम अंसारी
सिद्धार्थनगर।
जनपद सिद्धार्थनगर के लिए एक बड़ी राहत और खुशखबरी है। अब न्यूरो संबंधी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए जिले के मरीजों को गोरखपुर, लखनऊ, दिल्ली या मुंबई जैसे महानगरों में भटकना नहीं पड़ेगा। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर में बुधवार को न्यूरो सर्जरी विभाग की शुरुआत कर दी गई, जहां मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी।

300 शैय्या वाले नए भवन में न्यूरो सर्जरी विभाग का उद्घाटन कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश मोहन ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को इलाज के लिए भटकना न पड़े। मेडिकल कॉलेज इस दिशा में पूरी ईमानदारी से कार्य करेगा।

0-4024×1784-0-0-{}-0-12#

सबसे बड़ी खासियत यह रही कि मुंबई के प्रसिद्ध लीलावती अस्पताल में सेवाएं दे चुके न्यूरो सर्जन डॉ. आशुतोष शुक्ला ने अब सिद्धार्थनगर मेडिकल कॉलेज में अपनी सेवाएं शुरू कर दी हैं। यह जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के मनोचिकित्सक डॉ. अफजल, प्राचार्य डॉ. राजेश्वरी, और कई अन्य वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे।

बताते चलें कि डॉ आशुतोष शुक्ला सिद्धार्थ नगर जनपद के निवासी है वह पूर्व में किंग्स कॉलेज लंदन और मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल पर अपनी सेवाएं दे रहे थे । जब उन्हें सिद्धार्थ नगर में काम करने का ऑफर मिला तो उन्होंने अपनी मिट्टी से जुड़ने और इस पिछड़े जिले में अपनी सेवाएं देने का फैसला किया।