मुंबई जा रहा था खुशियों से भरा परिवार, झांसी में मातम बन गया सफर — सिद्धार्थनगर के चार लोगों की दर्दनाक मौत, लाश पहुंचते ही गांव में मची चीख पुकार हजारों की भीड़

परमात्मा उपाध्याय की रिपोर्ट

झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास तेज़ रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में सिद्धार्थनगर जनपद के बर्डपुर नंबर 14 निवासी बिल्डिंग मटेरियल कारोबारी उबैदुर्रहमान (40), उनकी पत्नी आसमां (35), बेटी हुसना खातून (12) और कार चालक आमिर (45) की मौत हो गई। परिवार के अन्य चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं।

बताया गया कि शहाबुद्दीन (70) अपने बेटे उबैदुर्रहमान, बहू और बच्चों के साथ मुंबई में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। लेकिन किसे पता था कि यह सफर अंतिम सफर बन जाएगा। रास्ते में झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए।

मौके पर ही आसमां, उनकी बेटी हुसना और चालक आमिर की मौत हो गई, जबकि उबैदुर्रहमान ने इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज झांसी में दम तोड़ दिया। घायल पिता शहाबुद्दीन, इस्मा (6), अमीदुर्रहमान (8) और अब्दुल्लाह (10) की हालत भी गंभीर बनी हुई है।

सीएम योगी ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना पर गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों के समुचित इलाज और हर संभव मदद का निर्देश दिया है।

गांव में पसरा मातम, हर आंख नम
हादसे की खबर जैसे ही सिद्धार्थनगर के घुरहूजोत गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम पसर गया। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। लोग दुख में डूबे हुए हैं, हर आंख नम है, और हर चेहरा सन्न है।