इटवा-बढ़नी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा : बाइक सवार दो युवकों को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर मौत

Niyamtullah khan

इटवा, सिद्धार्थनगर।
जनपद के इटवा थाना क्षेत्र अंतर्गत इटवा-बढ़नी मार्ग पर सेमरी गांव के पास सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, कठेला समय माता थाना क्षेत्र के बिशुनपुर कला गांव निवासी राजकुमार (30) इटवा कस्बे में पहाड़पुर मार्ग पर गारमेंट्स की दुकान चलाते थे। रोज की तरह सोमवार को दुकान बंद करने के बाद वह अपने पड़ोसी, पचपेड़वा गांव निवासी मोहम्मद हसन (52) के साथ बाइक से घर लौट रहे थे।

जैसे ही दोनों सेमरी गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। इस टक्कर से दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन व स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए सड़क जाम करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर पहुंची इटवा पुलिस ने समझाकर मामला शांत कराया और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इटवा थानाध्यक्ष श्याम सुंदर तिवारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद मृतकों के घर में कोहराम मच गया है, पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।