📅 Published on: June 29, 2025
गुरु जी की कलम से बढ़नी
जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत जानने के क्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने शनिवार को विकास खंड बढ़नी अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अहिरौला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की खस्ताहाल स्थिति देखकर डीएम ने नाराजगी जताई और तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भवन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पाया कि स्वास्थ्य केंद्र की बिल्डिंग जर्जर हो चुकी है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं तो मिल रही हैं, लेकिन आवश्यक संसाधनों का घोर अभाव है।
मौके पर डॉक्टर तो मौजूद थे, लेकिन मौजूद ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पर सुविधाओं की भारी कमी है। डॉक्टर नियमित रूप से आते हैं, परंतु उपकरण, दवाइयां और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं हैं। इस केंद्र से आसपास के करीब 6 से 7 गांवों की आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं मिलती हैं, लेकिन केंद्र की बदहाल हालत के कारण लोग प्राथमिक इलाज से भी वंचित हैं।
बताया गया कि यह स्वास्थ्य केंद्र लगभग आठ वर्ष पूर्व बना था, लेकिन उचित रखरखाव के अभाव में इसकी स्थिति लगातार खराब होती चली गई। जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभारी चिकित्सा अधिकारी बढ़नी से फोन पर बात कर सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश दिए।
डीएम डॉ. राजा गणपति आर ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। क्षेत्रीय लोगों को समय से गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्र की मरम्मत, संसाधन उपलब्धता और मेडिकल स्टाफ की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में सभी स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा और जहां भी खामियां पाई जाएंगी, वहां तत्काल सुधार की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। ग्रामीणों ने डीएम से बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की मांग की, जिस पर डीएम ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही जरूरी कदम उठाए जाएंगे।