📅 Published on: June 29, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। आम जनमानस को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा सघन अभियान चलाया गया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ एवं जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर के निर्देश पर 27 और 28 जून 2025 को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में औचक छापेमारी की गई।
सहायक आयुक्त (खाद्य) आर.एल. यादव के नेतृत्व में विभागीय टीम ने राप्ती नगर बांसी, भीमापार, तेतरी बाजार, सनई चौराहा, कलेक्ट्रेट गेट एवं मधुकरपुर, नौगढ़ में छापा मार कार्रवाई कर कुल 16 नमूने एकत्र किए। इनमें 02 सरसों तेल, 05 रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, 01 पॉमोलिन ऑयल, 01 मूंगफली तेल, 06 यूज्ड रिफाइंड सोयाबीन ऑयल एवं 01 कॉफी का नमूना शामिल है। सभी सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी गई है कि वे मिलावटी खाद्य पदार्थों एवं खुले मसालों की बिक्री से परहेज करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई होगी।
इस छापेमारी अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र प्रताप सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी जय प्रकाश, हीरा लाल एवं नीरज कुमार चौधरी शामिल रहे।