नहर में नहाने गए किशोर की डूबकर मौत, गांव में मचा कोहराम

Kapilvastupost

डुमरियागंज
भवानीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कंचनपुर के टोला तकियवा में सोमवार को नहर में नहाने के दौरान एक 12 वर्षीय किशोर की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। तीन घंटे की मशक्कत के बाद स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार, तकियवा गांव निवासी शाबान (12) पुत्र मुमताज दोपहर करीब दो बजे अपने गांव के समीप नहर पुलिया के पास नहाने गया था। नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गया। काफी देर तक वापस न आने पर आसपास के लोगों को शक हुआ। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार विष्णु प्रताप सिंह, भवानीगंज थानाध्यक्ष अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से किशोर की तलाश शुरू की गई। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसका शव नहर से बरामद किया गया।

शव बाहर आते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आवश्यक विधिक कार्रवाई कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।