📅 Published on: July 1, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर/लखनऊ। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत कार्यरत ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर (BCPM) कर्मचारियों के शोषण, असमान वेतन और कार्यस्थल पर हो रही अनदेखी के खिलाफ अब आवाज़ बुलंद होने लगी है। इसी क्रम में BCPM कर्मचारियों के हक और अधिकारों की रक्षा के लिए BCPM कर्मचारी संघ का गठन किया गया है।
यह नया संघ, संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ, उत्तर प्रदेश की शाखा के रूप में काम करेगा, जो पहले से ही भारतीय मजदूर संघ के सहयोग से NHM कर्मचारियों के हक के लिए संघर्ष कर रहा है। BCPM कर्मचारी संघ का उद्देश्य कर्मचारियों की सेवा शर्तों में सुधार, कार्यस्थल पर सम्मानजनक वातावरण और उचित वेतन सुनिश्चित करना है।
संघ की संगठनात्मक संरचना भी घोषित:
BCPM कर्मचारी संघ के गठन के साथ ही प्रदेश स्तर पर नेतृत्व की घोषणा की गई है, जिसमें निम्नलिखित नियुक्तियाँ की गईं:
प्रदेश प्रभारी: महेंद्र त्रिपाठी (संत कबीर नगर)
अध्यक्ष: अशोक पांडेय (गोरखपुर)
महामंत्री: सुरेंद्र पाल (सिद्धार्थनगर)
कोषाध्यक्ष: खुश मोहम्मद
संयोजक: अश्वनी श्रीवास्तव
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि NHM के BCPM कर्मचारियों को कई वर्षों से उचित वेतन, सुविधाएँ और नौकरी की सुरक्षा नहीं मिल पा रही है। लगातार शोषण, अस्थायी नियुक्तियों और अनदेखी के कारण कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा था। ऐसे में एक सशक्त संगठन की ज़रूरत महसूस की जा रही थी, जिसे अब पूरा कर लिया गया है।
नीतिगत बदलाव के लिए राष्ट्रीय स्तर पर भी संघर्ष जारी रहेगा
संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई सिर्फ प्रदेश स्तर तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि भारतीय मजदूर संघ के सहयोग से राष्ट्रीय स्तर पर भी BCPM कर्मचारियों के अधिकारों के लिए संघर्ष तेज़ किया जाएगा।
BCPM कर्मचारी संघ ने सभी कर्मचारियों से अपील की है कि वे संगठित होकर अपने हक की लड़ाई में इस मंच का हिस्सा बनें और एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा करें।