पाइप पर बाइक चढ़ाने के विवाद में किशोर की कुदाल से हत्या, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

हत्या के बाद गांव में तनाव का माहौल, पुलिस बल तैनात।

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर।

पथरा बाजार थाना क्षेत्र के कपिया बुजुर्ग गांव में रविवार को मामूली कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। पानी चलाने के लिए बिछाए गए पाइप पर बाइक चढ़ाने को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने 17 वर्षीय किशोर सनी चौहान की कुदाल से हमला कर हत्या कर दी। किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, गोल्हौरा थाना क्षेत्र के खखरा-खखरी गांव निवासी रामलाल चौहान का पुत्र सनी चौहान (17) अपने दोस्तों प्रिंस चौधरी और राजकुमार के साथ पथरा थाना क्षेत्र के रामभारी गांव में झाड़-फूंक कराने जा रहा था। इसी दौरान कपिया बुजुर्ग गांव में महेंद्र मणि, आशुतोष त्रिपाठी और अभिषेक त्रिपाठी खेतों में पानी चलाने के लिए सड़क पर डिलेवरी पाइप बिछाए हुए थे।

सनी ने बाइक पाइप पर चढ़ाकर निकाल ली, इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि आरोप है, किसी ने सनी पर कुदाल से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से सनी की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने बिना जानकारी दिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने बांसी-डुमरियागंज मार्ग पर पथरा थाने के सामने सड़क जाम कर दिया।

पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम खत्म कराया और मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने महेंद्र मणि, आशुतोष त्रिपाठी और अभिषेक त्रिपाठी के खिलाफ केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।

हत्या के बाद गांव में तनाव का माहौल, पुलिस बल तैनात।