उत्तर प्रदेश पुलिस बैडमिंटन व टेबल टेनिस प्रतियोगिता में सिद्धार्थनगर ने लहराया परचम, पांच पदक जीत रच दिया इतिहास

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। जनपद मुुरादाबाद में आयोजित 42वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता 2025 में सिद्धार्थनगर पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक अपने नाम किए। इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता का आयोजन 26 जून से 29 जून 2025 तक मुरादाबाद में हुआ, जिसमें उत्तर प्रदेश पुलिस, पीएसी, एसटीएफ और ट्रेनिंग निदेशालय समेत कुल 13 टीमों ने प्रतिभाग किया। लगभग 300 महिला व पुरुष खिलाड़ियों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया।

सिद्धार्थनगर की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य पदक अर्जित किए। विजेता खिलाड़ियों में सुरेंद्रनाथ सिंह, राकेश कुमार, विक्रम कुमार, अर्जुन कुमार, और संदीप कुमार शामिल रहे।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पुलिस कप्तान ने कहा कि यह सफलता न केवल खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि यह जनपद सिद्धार्थनगर की खेल संस्कृति को भी दर्शाती है। उन्होंने आशा जताई कि भविष्य में भी पुलिस विभाग के जवान इसी तरह अनुशासन, मेहनत और प्रतिभा से जनपद का नाम रोशन करते रहेंगे।