गुरु पूर्णिमा पर चिल्हिया मंडल में गुरुजनों का हुआ सम्मान, पूर्व जिलाध्यक्ष लाल जी त्रिपाठी रहे मुख्य अतिथि

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों एवं अभियानों के तहत चिल्हिया मंडल में गुरुवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भव्य गुरु सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष रमेश मणि त्रिपाठी ने की, वहीं मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिलाध्यक्ष लाल जी त्रिपाठी उर्फ लाल बाबा उपस्थित रहे।

इस अवसर पर श्रीराम जानकी मंदिर सिरवत कुटी के महंत तथा बरगदवा शिव मंदिर के पुजारी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि लाल जी त्रिपाठी ने उनसे आशीर्वाद प्राप्त कर गुरु परंपरा को नमन किया।

इसके बाद शोहरतगढ़ विधानसभा के भटौली ग्राम स्थित शांति कुटिया में पहुंचकर उन्होंने मौनी बाबा से आशीर्वाद लिया और हवन-पूजन कर अंगवस्त्र एवं पुष्प अर्पित किए।

कार्यक्रम की अगली कड़ी में जनता विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, उदयराजगंज के प्रधानाचार्य को भी अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। मंडल अध्यक्ष रमेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा हमें यह याद दिलाती है कि गुरु और शिक्षक हमारे जीवन के सबसे अहम मार्गदर्शक होते हैं। वे ही हमें अज्ञानता से निकालकर ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाते हैं।

मुख्य अतिथि लाल जी त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा—
“गुरु ब्रह्मा, गुरु विष्णु, गुरु देवो महेश्वरः। गुरु साक्षात् परब्रह्म, तस्मै श्री गुरवे नमः॥”
उन्होंने कहा कि गुरु का स्थान ईश्वर से भी ऊपर होता है। वे जीवन को दिशा देने वाले प्रेरणास्त्रोत होते हैं, जिनका सम्मान करना हम सबका कर्तव्य है।

कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक शिक्षक, पुजारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह भावनात्मक एवं सांस्कृतिक सौहार्द से परिपूर्ण रहा।