📅 Published on: July 16, 2025
✍️ असदुल्लाह सिद्दीकी, सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र की काशीराम आवास कॉलोनी ब्लॉक नंबर 54 में मंगलवार रात एक युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मुस्कान (पुत्री राजू) के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ इसी कॉलोनी में रहती थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
परिजनों ने बताई सामान्य स्थिति
परिजनों के अनुसार, मुस्कान मंगलवार शाम तक बिल्कुल सामान्य थी। वह अपने माता-पिता, बहन और दो छोटे भाइयों के साथ काशीराम आवास कॉलोनी में रह रही थी। पिता राजू राजगीर का काम करते हैं और मेहनत-मजदूरी से परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
रात करीब आठ बजे जब परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो मुस्कान को फंदे से लटकता हुआ पाया। परिजनों ने उसे फौरन नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस कर रही जांच
सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को मर्चरी हाउस भिजवाकर पंचनामा की कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है। उसकी कॉल डिटेल और सोशल मीडिया गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।
स्थानीय लोगों में शोक
घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पड़ोसी और जान-पहचान के लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।