वीडियो कॉल पर प्रेमिका से बात करते हुए युवक ने लगाई फांसी, शादी से इंकार बना वजह

मुंबई में दिल दहला देने वाली घटना, प्रेमिका की सगाई की खबर से टूट गया था युवक 

राशिद मलिक

पथरा बाजार, सिद्धार्थनगर।
मुंबई में एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। शिवनगर थाना क्षेत्र के एक गांव का युवक, जो मुंबई में रहकर नौकरी करता था, ने वीडियो कॉल पर प्रेमिका से बात करते हुए फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि प्रेमिका ने युवक को अपनी सगाई और शादी तय होने की जानकारी दी थी, जिससे वह गहरे सदमे में चला गया।

मृतक युवक 25 वर्षीय था और मूल रूप से शिवनगर थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी था। वह डिंडौशी थाना क्षेत्र के मलाड (मुंबई) में काम करता था। शनिवार को उसने प्रेमिका से वीडियो कॉल के दौरान फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना की जानकारी मिलने पर डिंडौशी पुलिस प्रेमिका के घर पहुंची और उसके पिता से पूछताछ की। पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का सामने आया है।

प्रेमिका ने पुलिस को बताया कि उसने रात करीब दस बजे युवक से शादी की बात साझा की थी और अपनी अंगूठी भी दिखाई थी। यह सुनकर युवक आहत हो गया और कॉल पर ही फंदे से लटक गया। वीडियो कॉल के दौरान प्रेमिका लगातार उसे रोकती रही, लेकिन युवक ने उसकी एक न सुनी।

पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव भेजा गया है। परिजन रो-रो कर बेसुध हैं।

यह घटना युवाओं में बढ़ते भावनात्मक असंतुलन और रिश्तों को लेकर गंभीर सोच की ओर इशारा करती है।