नदवलिया में सोशल ऑडिट का आयोजन, ग्रामीणों को योजनाओं की दी गई जानकारी – पारदर्शिता और सहभागिता पर जोर

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर।
विकास खंड जोगिया के ग्राम पंचायत नदवलिया में शुक्रवार को सामाजिक पारदर्शिता और सहभागिता को लेकर सोशल ऑडिट का आयोजन किया गया। शोहरतगढ़ तहसील अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में मनरेगा सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत का अवलोकन किया गया और ग्रामीणों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ऑडिटर श्रीमती संगीता मौर्य ने की। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं की सफलता में जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने गांव में हुए कार्यों की समीक्षा करते हुए पारदर्शिता को प्राथमिकता देने की बात कही। इस दौरान राम केदार को मनरेगा अध्यक्ष नामित किया गया।

ग्राम सभा में यह बात विशेष रूप से रेखांकित की गई कि लाभार्थियों को योजनाओं की सही जानकारी होनी चाहिए और निगरानी में ग्रामीणों की भूमिका बेहद अहम है।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान अत्ताउल्लाह, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, कोटेदार, सफाईकर्मी, सोशल ऑडिट टीम के सदस्य माधव प्रसाद, सुरेश चन्द्र, महेंद्र पाण्डेय सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

बताते चलें कि इस कार्यक्रम ने ग्रामीणों के बीच जागरूकता फैलाने और सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में कार्य किया।