📅 Published on: August 2, 2025
Kapilvastupost
बांसी विकास खण्ड के ग्राम पंचायत भवारी में स्थित कमलावती देवी राम मिलन मार्डन पब्लिक स्कूल मान्यता से परे जाकर नियमों को ताक पर रखे हुए है। विद्यालय को केवल कक्षा 5 तक ही मान्यता प्राप्त है, लेकिन इसके बावजूद यहां कक्षा 6 से 12 तक पढ़ाई कराई जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्यालय प्रशासन शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से बिना मान्यता के उच्च कक्षाएं चला रहा है, जिससे अभिभावकों के साथ धोखा किया जा रहा है। उन्हें यह जानकारी नहीं दी जाती कि विद्यालय को केवल कक्षा 5 तक ही मान्यता प्राप्त है।
विद्यालय में न तो बुनियादी ढांचे के मानकों का पालन हो रहा है और न ही योग्य शिक्षकों की पर्याप्त व्यवस्था है। इसके बावजूद यहां कक्षा 8 और उससे ऊपर तक की पढ़ाई धड़ल्ले से कराई जा रही है, जिससे छात्रों के भविष्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय निवासी ऋतिक श्रीवास्तव ने इस मामले की कई बार शिकायत आईजीआरएस पोर्टल और लिखित पत्रों के माध्यम से उच्चाधिकारियों से की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
अब सवाल यह उठता है कि जब शिकायतें की जा चुकी हैं और अनियमितता साफ है, तो फिर शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन की चुप्पी क्यों? क्या अधिकारियों की मिलीभगत से बच्चों के भविष्य से यह खिलवाड़ किया जा रहा है?
सम्बंधित विभाग कब जागेगा?
स्थानीय जनता प्रशासन से मांग कर रही है कि बिना मान्यता के चल रहे इस विद्यालय के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी छात्र को इसका नुकसान न झेलना पड़े।