📅 Published on: August 2, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज क्षेत्र में हुई बड़ी चोरी की वारदात को सुलझाते हुए सिद्धार्थनगर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पांच अंतर्जनपदीय शातिर चोरों को गिरफ्तार कर पुलिस ने न केवल चोरी की घटना का सफल अनावरण किया, बल्कि जनपद में बढ़ते अपराधों पर करारा प्रहार भी किया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशन में त्रिलोकपुर थाना पुलिस व जनपद एसओजी की संयुक्त टीम ने फील्डिंग लगाकर इन अपराधियों को धर दबोचा। पकड़े गए चोरों के पास से 1 लाख 97 हजार रुपये नकद, भारी मात्रा में चोरी के जेवरात और चोरी करने के उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि यह गिरोह गैंग बनाकर योजनाबद्ध तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। इनका नेटवर्क आस-पास के जनपदों में भी फैला हुआ है और कई मामलों में इनकी संलिप्तता पाई गई है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं और आम जनता ने राहत की सांस ली है।