📅 Published on: August 2, 2025
गुरु जी की कलम से
बढ़नी (सिद्धार्थनगर)।
एसएसबी 50वीं वाहिनी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने दो दिन की कार्रवाई में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने कुल 22 ग्राम से अधिक हेरोइन और स्मैक के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर नशा तस्करों में हड़कंप मचा दिया है।
पहली कार्रवाई – घरुआर मोड़ से 14.27 ग्राम हेरोइन बरामद
शनिवार को एसएसबी व ढेबरुआ पुलिस की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर घरुआर मोड़ के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध युवक की तलाशी में 14.27 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। गिरफ्तार युवक की पहचान मोहम्मद जमाल उर्फ बड़का (35 वर्ष), पुत्र नबीबक्स, निवासी वार्ड नं. 8, आजाद नगर, बढ़नी के रूप में हुई। आरोपी हेरोइन को नेपाल ले जाने की फिराक में था। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में एसएसबी कंपनी कमांडर जगदीश प्रसाद, एसआई मयान सिंह, चौकी प्रभारी अनिरुद्ध सिंह, एएसआई किशोर गिरी, गुंजन कुमार, अमनेश सिंह, विनोद कामथ, राज सिंह, मनीष कुम शामिल रहे।
दूसरी कार्रवाई – मधवानगर नहर के पास 6.99 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार
शुक्रवार को एसएसबी और पुलिस टीम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति स्मैक लेकर मधवानगर नहर के रास्ते बढ़नी की ओर आ रहा है। टीम ने घेराबंदी कर मौके से एक युवक को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास 6.99 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपेंद्र कश्यप (24 वर्ष), पुत्र नान बाबू, निवासी वार्ड नं. 5, रामलीला मैदान, नगर पंचायत बढ़नी के रूप में हुई। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह यह स्मैक बलरामपुर से लाकर अधिक दाम में बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था।
उसे भी एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में एसएसबी सहायक कमांडेंट ज्योति शरण, उपनिरीक्षक नेहा, चौकी प्रभारी अनिरुद्ध सिंह, संतोष कुमार पांडे, ताराचंद, प्रीतम त्रिवेदी, सोने लाल, रतन प्रकाश, धीरेंद्र प्रताप सिंह, विशाल गौड़ की सक्रिय भूमिका रही।
बताते चलें कि दो दिनों में हुई इन कार्रवाइयों से यह स्पष्ट है कि पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम तस्करों के खिलाफ गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। ऐसे अभियानों से क्षेत्र में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद है।