📅 Published on: August 6, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। समाजवादी चिंतक व पूर्व मंत्री जनेश्वर मिश्र की जयंती पर समाजवादी पार्टी कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक लालजी यादव और महासचिव कमरुज्जमा खान ने कहा कि जनेश्वर मिश्र वह शख्सियत थे जिन्होंने अपने जीवन की अंतिम सांस तक गरीबों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों की आवाज उठाई। वे सबको बराबरी का हक देने के पक्षधर थे और आज समाज को उनके विचारों पर चलने की जरूरत है।
नेताओं ने कहा कि उन्हें ‘छोटे लोहिया’ का खिताब सिर्फ इसलिए नहीं मिला कि वे डॉ. लोहिया के साथी थे, बल्कि इसलिए कि वे लोहिया जी की ही तरह हर ज़ुल्म के खिलाफ लड़ते रहे। उन्होंने कभी अन्याय के सामने सिर नहीं झुकाया और हर परिस्थिति में हक की लड़ाई लड़ी।
जिलाध्यक्ष लालजी यादव ने कहा कि जब तक समाज में ऊंच-नीच की भावना रहेगी, तब तक देश आगे नहीं बढ़ सकता। देश की तरक्की तभी संभव है जब दबे-कुचले वर्गों को उनका हक दिया जाए और सभी को समान अवसर मिलें।
इस मौके पर सभी कार्यकर्ताओं ने ‘छोटे लोहिया’ के दिखाए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक विजय पासवान, मोनू दुबे, राम मिलन भारती, धीरेंद्र यादव, जोखन चौधरी, कमाल अहमद, फिरोज अहमद, मोहम्मद हारून, चंद्रभान पहलवान सहित कई समाजवादी नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।