चार दिन से लापता किशोर हैदराबाद में मिले, नहर में डूबने की आशंका पर चला था रेस्क्यू ऑपरेशन

गुरु जी की कलम से

ढेबरूआ थाना क्षेत्र के धनौरा गांव के पास सरयू नहर में नहाने के बाद लापता हुए दोनों किशोर चार दिन बाद हैदराबाद में सुरक्षित मिल गए। दोनों के डूबने की आशंका में पुलिस और एसडीआरएफ लगातार नहर में उनकी तलाश कर रही थी, लेकिन शुक्रवार को घरवालों को फोन कर दोनों ने अपने सुरक्षित होने की जानकारी दी तो परिजनों ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार, कठेला समय माता थाना क्षेत्र के झकहिया गांव निवासी सफीउल्लाह (15) पुत्र समशुल्लाह और महबूब (14) पुत्र खुर्शीद आलम, अपने दोस्त पाली (15) पुत्र साहेब अली के साथ मंगलवार दोपहर टेंपों से धनौरा गांव के पास सरयू नहर में नहाने पहुंचे थे। नहाने के बाद पाली घर लौट आया, लेकिन सफीउल्लाह और महबूब वहीं से गायब हो गए।

पाली ने परिजनों को बताया था कि तीनों नहाने के बाद नहर से बाहर निकल आए थे, लेकिन वह अकेला घर लौटा और दोनों दोस्तों के बारे में कुछ नहीं जानता। इस पर परिवार व ग्रामीणों में तरह-तरह की आशंकाएं गहराने लगीं।

पुलिस और ग्रामीण लगातार नहर में व आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन करते रहे, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। शुक्रवार सुबह सफीउल्लाह ने अंजान नंबर से अपनी मां को फोन कर बताया कि वह और महबूब एक ठेकेदार के साथ हैदराबाद पहुंचे हैं और इंजापुर इलाके में हैं। इसके बाद दोनों सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन भी पहुंचे।