सिद्धार्थ नगर – खाद संकट के बीच डी एम की बड़ी कार्यवाही डुमरियागंज में अवैध यूरिया भंडारण का खुलासा, शोहरतगढ़-लोटन में चार समिति सचिव निलंबित

Kapilvastupost

डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के गड़ावर गांव में शुक्रवार को अवैध रूप से यूरिया व अन्य उर्वरकों का भंडारण पकड़ा गया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंचकर गोदाम सील कर दिया। डुमरियागंज के तहसीलदार रवि कुमार यादव ने बताया कि भनवापुर ब्लॉक क्षेत्र के जय ट्रेडर्स, प्रो. रामानंद तिवारी के गोदाम में 2743 बोरी यूरिया बिना अनुमति के पाई गई। उपजिलाधिकारी राजेश कुमार, जिलाकृषि अधिकारी मोहम्मद मुजाम्मिल और एसएमएस अनूप द्विवेदी ने मौके पर पहुंचकर विधिक कार्रवाई करते हुए गोदाम सील कर दिया।

इधर, डीएम डॉ. राजा गणपति आर ने शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को शोहरतगढ़, दोहरिया खुर्द और बढ़नी ब्लॉक के परसा स्थित साधन सहकारी समितियां बंद मिलने पर तीनों सचिवों — ज्वाला सिंह, शेषराम यादव और राम उजागिर यादव — को निलंबित कर दिया गया। शुक्रवार को लोटन ब्लॉक की सेमरहना समिति बंद मिलने पर सचिव बैजनाथ यादव को भी निलंबित कर दिया गया।

सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता प्रकाश बहादुर गौतम ने स्पष्ट किया कि समितियों का संचालन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक अनिवार्य है, अन्यथा संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।