रक्षाबंधन पर बाइक भिड़ंत: पांच घायल, तीन की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर

Kapilvastupost

शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के खुनुवा-शोहरतगढ़ मार्ग पर रमवापुर चौराहे के पास शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोग घायल हो गए। रक्षाबंधन के दिन हुई इस दुर्घटना में तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर किया गया।

शोहरतगढ़ कस्बा के शिवनगर मोहल्ला निवासी विकास बीस वर्ष पुत्र भगौती, शिव अठारह वर्ष पुत्र राजू और सिद्धार्थ कुमार चौबीस वर्ष बाइक से खुनुवा से शोहरतगढ़ की ओर आ रहे थे। इसी दौरान रमवापुर चौराहे के पास उनकी बाइक की टक्कर नेपाल की ओर जा रहे राहुल पांडेय (27) पुत्र कपिल देव पांडेय निवासी गोपालपुर, जिला कपिलवस्तु, नेपाल की बाइक से हो गई। राहुल के साथ उनकी मां निर्मला पांडेय भी सवार थीं।

जोरदार टक्कर में दोनों बाइकों पर सवार पांचों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस से सभी घायलों को सीएचसी शोहरतगढ़ भेजा, जहां डॉ. अभय भारती ने गंभीर रूप से घायल विकास, शिव और निर्मला पांडेय को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, निर्मला पांडेय नेपाल से भारत में राखी बांधने आई थीं और बेटा उन्हें लेकर घर वापस जा रहा था, तभी हादसा हो गया।