📅 Published on: August 10, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थ नगर – क्षेत्र में बांट माप विभाग की ओर से छापेमारी में कई दुकानों पर कार्रवाई की गई। अनियमितता करने वाले व्यापारियों में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ निरीक्षक दिलीप कुमार और निरीक्षक आनंद प्रकाश सिंह के नेतृत्व में शाहरतगढ़, बढ़नी क्षेत्र के गैस एजेंसी, पेट्रोल पंप व अन्य दुकानों पर जांच अभियान चलाया गया।
टीम ने दुकानों पर पहुंचकर माप-तौल, प्रिंट रेट से ज्यादा वसूली, समय से कांटा न होने जैसी गड़बड़ियों की जानकारी जुटाई। आदर्श नगर शाहरतगढ़, मस्जिद मोहल्ला के पास मीट विक्रेताओं को बिना माप-तौल के गड़बड़ी करते पकड़ा गया, जिस पर धारा 24/33 के तहत नोटिस दिया गया। वहीं, पुरानी तहसील के पास एक किराना दुकान पर भी अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई की गई।
गैस सिलेंडर की ढुलाई में भी नियम उल्लंघन पकड़ा गया। वाहन के साथ कांटा नापतौल नहीं होने पर चालान किया गया। बढ़नी में विजया ऑटोमोबाइल्स की जांच में कोई गड़बड़ी नहीं मिली, लेकिन डुमरियागंज में शीतल पर प्रिंट रेट से अधिक दाम वसूलने पर नोटिस जारी हुआ।
वरिष्ठ निरीक्षक ने चेतावनी दी कि एमआरपी से ज्यादा वसूली या मिठाई विक्रेताओं द्वारा डिब्बे का वजन तोलकर न देने पर सख्त कार्रवाई होगी। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी गड़बड़ी की शिकायत तुरंत बांट माप विभाग के कार्यालय में करें।