सिद्धार्थनगर: इटवा में भीषण चोरी, चोर रिवाल्वर, नकदी व जेवर समेत सामान ले उड़े

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर/इटवा। जनपद के इटवा थाना क्षेत्र के बिस्कोहर रोड स्थित ग्राम सहदेइया में शनिवार रात एक घर में बड़ी चोरी की वारदात हुई। चोरों ने लाइसेंसी रिवाल्वर, नकदी, मोबाइल, टेबलेट, जेवर और बर्तन सहित अन्य सामान पार कर दिया। यह चोरी राहुल पाठक के घर में हुई।

जानकारी के अनुसार, रात में लोहे का मुख्य दरवाजा बंद था, लेकिन छत का एक दरवाजा घर वाले बंद करना भूल गए थे। चोर इसी रास्ते से अंदर घुसे और सबसे पहले अटैची तोड़कर उसमें रखी रिवाल्वर निकाल ली। इसके बाद अलमारी से करीब 15 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर, दो मोबाइल फोन और एक टेबलेट चोरी कर लिया। अलमारी का लॉक खुला था और लॉकर की चाबी भी सामने रखी थी।

रविवार सुबह जब राहुल की पत्नी की नींद खुली तो उन्होंने सामान बिखरा देखा और पति को जगाया। रिवाल्वर व अन्य सामान चोरी होने का पता चलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर इटवा पुलिस व क्षेत्राधिकारी शुभेंदु सिंह मौके पर पहुंचे। बाद में फोरेंसिक टीम, सर्विलांस टीम और एसओजी टीम भी जांच में जुट गईं। थाना प्रभारी छोटे लाल ने चोरी की घटना की पुष्टि की है और कहा कि मामले की जांच जारी है।