डीएम डॉ. राजा गणपति आर की बड़ी कार्रवाई: चार उर्वरक दुकानें सील, एफआईआर के निर्देश

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। जिले में यूरिया, डीएपी और एनपीके की उपलब्धता के सापेक्ष आ रही किल्लत की हकीकत जानने के लिए जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने सोमवार को खुद मोर्चा संभालते हुए कई उर्वरक दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में स्टॉक के मुकाबले उपलब्धता कम मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए चार दुकानों को सील करने और दोषी विक्रेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मेसर्स ओमकार ट्रेडर्स करजहवा में वितरण रजिस्टर के मुताबिक 1588 बोरियों में से मात्र 33 बोरियां ही उपलब्ध मिलीं। मेसर्स जायसवाल खाद भंडार करजहवा में 701 बोरियों के मुकाबले 411 बोरियां, जबकि मेसर्स कृष्ण मुरारी खाद भंडार धेंसा बाजार में 712 बोरियों के मुकाबले 151 बोरियां ही पाई गईं। वहीं, मेसर्स त्रिपाठी बीज भंडार महादेवा तिवारी का निरीक्षण के दौरान दुकान बंद मिली, जिसे डीएम ने मौके पर सील करा दिया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिला कृषि अधिकारी संबंधित दुकानों के क्रय-विक्रय एवं स्टॉक रजिस्टर की जांच करें और कमी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करें। डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निजी उर्वरक दुकानों की मनमानी पर सख्त कार्रवाई होगी और किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।