📅 Published on: August 12, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को नई दिल्ली में चुनाव आयोग कार्यालय तक प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने के विरोध में सोमवार को जिले में सपाइयों ने जमकर हंगामा किया। जिलाध्यक्ष लालजी यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपते हुए चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगाया।
ज्ञापन में आयोग पर राजनीति से प्रेरित होकर कार्य करने का आरोप लगाते हुए वोट चोरी की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही अखिलेश यादव की तत्काल रिहाई की भी मांग उठी।
कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन के बाद सपाई मुख्य सड़क पर उतर आए और मेन रोड को जाम कर दिया। करीब पौन घंटे तक चले जाम से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। रोड जाम की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया।
एडीएम गौरव श्रीवास्तव, एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद और आईपीएस विश्वजीत शौर्य मौके पर पहुंचे और सपाइयों को समझाने-बुझाने में जुट गए। बातचीत के बाद सपाई मान गए और जाम समाप्त कर दिया, जिससे यातायात सुचारू हो सका।
इस मौके पर पूर्व विधायक विजय पासवान, जुबैदा चौधरी, चंद्रहांस यादव, अनिल यादव, विजय चौधरी, अनिरुद्ध यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।