स्वतंत्रता दिवस पर सपा महिला सभा ने किया स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों का सम्मान

Kapilvastupost

बाँसी (सिद्धार्थनगर)।
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर समाजवादी पार्टी नगर कार्यालय बाँसी में एक गरिमामयी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय महासचिव एवं आदर्श नगर पालिका परिषद बाँसी की अध्यक्ष श्रीमती चमन आरा राईनी ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व नपा अध्यक्ष मोहम्मद इदरीस पटवारी ने किया।

इस विशेष अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को शाल, माला और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

पं. बद्री प्रसाद पाण्डेय ‘अमर’ – आज़ादी की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाई और ब्रिटिश शासन के खिलाफ जनजागरण फैलाया।

रामलाल मिश्र – असहयोग आंदोलन में सक्रिय, अंग्रेज़ों के खिलाफ संघर्ष के चलते कई बार जेल गए।

मौलवी मोहम्मद यूसुफ – 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में अग्रणी भूमिका, ब्रिटिश हुकूमत ने गिरफ्तार कर जेल में डाला।

रामलखन सिंह – भूमिगत क्रांतिकारी गतिविधियों में भाग लिया और स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि देश की आज़ादी में स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और त्याग का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। यह वही लोग थे जिन्होंने अपना सब कुछ न्योछावर कर हमें स्वतंत्र भारत का उपहार दिया।

चमन आरा राईनी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा आजादी हमें आसानी से नहीं मिली, इसके लिए लाखों वीरों ने अपने प्राणों की आहुति दी। उनका त्याग और बलिदान हमारे लिए प्रेरणा स्रोत है। समाजवादी पार्टी सदैव स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।

जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद इदरीस पटवारी ने कहा कि आज़ादी के अमृत महोत्सव जैसे अवसर हमें अपने इतिहास, संस्कृति और बलिदान की याद दिलाते हैं। हमें मिलकर उस भारत के निर्माण में जुटना होगा, जिसका सपना हमारे पूर्वजों ने देखा था।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।