सिद्धार्थनगर में 10 मुख्य सेविकाओं को मिला नियुक्ति पत्र, सांसद और विधायकों ने दी बधाई

kapilvastupost 

सिद्धार्थनगर, 27 अगस्त 2025: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत प्रदेश के 2,425 मुख्य सेविकाओं और 13 फार्मासिस्टों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने लखनऊ के लोक भवन सभागार से इन सभी को नियुक्ति पत्र दिए, जिसका सीधा प्रसारण सिद्धार्थनगर के अंबेडकर सभागार में किया गया।

इस मौके पर, जिले के 10 लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल, कपिलवस्तु के विधायक श्यामधनी राही, शोहरतगढ़ के विधायक विनय वर्मा और जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. मौजूद रहे। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

नेताओं ने की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की सराहना

सांसद जगदंबिका पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि गौतम बुद्ध की इस धरती पर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत मुख्य सेविकाओं की नियुक्ति की गई है। उन्होंने सभी मुख्य सेविकाओं को बधाई देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी बहनें मां की तरह कुपोषित बच्चों और गर्भवती महिलाओं का ध्यान रखती हैं और प्रशासन के निर्देशों का पालन करती हैं।

विधायक श्यामधनी राही और विनय वर्मा ने भी सभी नव-नियुक्त कर्मचारियों को बधाई दी। विधायक विनय वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में रोजगार की लहर हर गांव और शहर में पहुंच रही है। उन्होंने सभी से ईमानदारी और निष्ठापूर्वक जनसेवा करने का आग्रह किया।

जिलाधिकारी ने दी शुभकामनाएं

जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने सभी को बधाई देते हुए शासन के निर्देशों के अनुसार कार्य करने की सलाह दी। इस कार्यक्रम में सिद्धार्थनगर की 10 मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र दिया गया, जिनमें सुप्रिया दूबे, वंदना, प्रियांशु पाण्डेय, दिपाली, साधना, प्रतिभा त्रिपाठी, सुनीता, रुचिका पटेल, सुमन दुबे और रुचि शामिल हैं।

इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल, पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, प्रधान संघ अध्यक्ष पवन मिश्रा और अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित थे।