लखनऊ जा रहे परिवार की कार पुलिया से टकराई, महिला की मौत

Kapilvastupost

भवानीगंज, सिद्धार्थनगर: लखनऊ इलाज कराने जा रहे एक परिवार की कार पुलिया से टकराने से दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनका तीन साल का पोता गंभीर रूप से घायल हो गया। कार चला रहे बेटे और एक अन्य रिश्तेदार को भी मामूली चोटें आई हैं।

​डुमरियागंज थाना क्षेत्र के जबजौवा गांव निवासी सद्दाम (28) अपनी मां फातमा खातून (60) को इलाज के लिए लखनऊ ले जा रहे थे। गुरुवार की सुबह लगभग 6 बजे, जैसे ही वे भवानीगंज थाना क्षेत्र के चंद्रदीप घाट पुल से पहले पहुंचे, उनकी कार एक छोटी पुलिया से अनियंत्रित होकर टकरा गई।

​हादसे में कार में सवार सभी लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को गोंडा के एक अस्पताल ले गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने फातमा खातून को मृत घोषित कर दिया। उनके तीन साल के पोते मोहम्मद उजैर की हालत गंभीर देखते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया है।

​पुलिस ने बताया कि कार चालक सद्दाम और शादाब पुत्र मोहम्मद रईस को हल्की चोटें आई हैं और उनका इलाज किया गया है। भवानीगंज थाना प्रभारी हरिओम कुशवाहा ने बताया कि यह दुर्घटना चालक की लापरवाही के कारण हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया था।