📅 Published on: September 29, 2025
मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के गौरडीह गांव में मूर्ति लेकर आ रहे युवकों द्वारा मुस्लिम समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक नारे बाजी के बाद गांव में तनाव उत्पन्न हो गया था।
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और इटवा विधायक माता प्रसाद पाण्डेय ने शनिवार देर शाम मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के गौरडीह गांव का दौरा किया। उन्होंने गांव में हाल ही में दो समुदायों के बीच हुई घटना की जानकारी ली और लोगों से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि किसी भी समुदाय के बीच विवाद समाजहित में नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग वोट की राजनीति के लिए माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “जो लोग जनता का भरोसा खो चुके हैं और कम वोट पाते हैं, वही खुराफात करके हिंदू-मुस्लिम एकता को तोड़ने की साजिश रचते हैं।”
नेता प्रतिपक्ष ने सभी से ऐसे तत्वों से सतर्क रहने की अपील की और कहा कि किसी भी अराजकता या गुंडई की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि पुलिस समय पर कार्रवाई कर सके। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि समाज में किसी भी तरह का विवाद दोनों समुदायों के लिए नुकसानदेह है।
पाण्डेय ने गौरडीह की शांति व्यवस्था और विकास के लिए उच्चाधिकारियों से बात कर जरूरी निर्देश दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास तभी संभव है जब सभी समुदाय एकजुट होकर आगे आएं।
इस मौके पर चेतराम यादव, राम निवास यादव, प्रतीक राय शर्मा, विनय मिश्र, अकबाल, यार मोहम्मद, इल्ज़ाम मोहम्मद, संजय, संतोष , आकूब, करमुल्लाह, अजमल, नियाज़, रफीक, दीपक, दुर्गेश, राजू आदि प्रमुख लोग मौजूद रहे।
बताते चलें कि नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे इटवा विधान सभा से विधायक है और घटना के समय वह मुंबई में थे।