सिद्धार्थनगर: तीन माह से ‘शोपीस’ बना बढ़नी का डाकखाना, स्पीड पोस्ट और रजिस्ट्री ठप; जनता परेशान

बढ़नी में हुई दर्जन भर बाइक चोरियों की सूचना एस पी को पहुंचाने के लिए शोहरतगढ़ डाक

गुरू जी की कलम से

बढ़नी, सिद्धार्थनगर।

​नगर पंचायत बढ़नी क्षेत्र का डाकघर पिछले तीन माह से अधिक समय से केवल ‘शोपीस’ बनकर रह गया है, जिससे स्थानीय जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि यहाँ स्पीड पोस्ट और रजिस्ट्री जैसी अति आवश्यक सेवाएँ पूरी तरह से ठप पड़ी हैं।

कर्मचारियों के टालमटोल से जनता निराश

​क्षेत्र की जनता जब भी कोई जरूरी डाक स्पीड पोस्ट या रजिस्ट्री करने जाती है, या पोस्टल ऑर्डर खरीदने का प्रयास करती है, तो उन्हें आए दिन किसी न किसी बहाने से निराश लौटा दिया जाता है। डाकघर के कर्मचारी अक्सर ‘मशीन खराब है’ या ‘डाक टिकट उपलब्ध नहीं है’ जैसे बहाने बनाकर जनता को टाल देते हैं।

​जब लोग इस संबंध में कर्मचारियों से कोई स्पष्टीकरण मांगते हैं, तो वे सही जवाब देने से कतराते हैं और केवल टालमटोल का ही सहारा लेते हैं। इससे आम जनता को भारी परेशानी हो रही है, क्योंकि जरूरी दस्तावेज और पत्र भेजने के लिए उन्हें अब अन्य स्थानों पर जाना पड़ रहा है।

वरिष्ठ अधिकारियों से दुर्दशा निवारण की मांग

​स्थानीय लोगों और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ग्राम प्रधानों ने डाक विभाग के वरिष्ठअधिकारियों से इस पूरे मामले पर तुरंत ध्यान देने और डाकघर की इस दुर्दशा का शीघ्र निवारण करने की मांग की है। जनता का कहना है कि अति शीघ्र स्पीड पोस्ट और रजिस्ट्री जैसी सेवाएँ बहाल की जानी चाहिए ताकि उन्हें हो रही असुविधा से मुक्ति मिल सके।

​जनता की मांग है कि विभागीय अधिकारी इस मामले में हस्तक्षेप करें और सुनिश्चित करें कि बढ़नी डाकघर में सभी सुविधाएँ सुचारू रूप से संचालित हों, न कि केवल कागज़ों पर।