​सिद्धार्थ नगर – दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत; परिवारों में मचा कोहराम

Zunaid Faisal

सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे दोनों परिवारों में दुख का माहौल है। पहली दुर्घटना में जहां सड़क के बीच में लगे बिजली के पोल से बाइक टकराने से एक युवक की जान चली गई, वहीं दूसरी घटना में टहल रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी।

​बिजली के पोल से टकराकर युवक की मौत, विभाग पर लापरवाही का आरोप

अलीगढ़वा-ककरहा मार्ग पर यह दुखद हादसा मंगलवार शाम करीब चार बजे मदतिया गांव के पास हुआ। कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के पिपरहवा गांव निवासी उस्मान अंसारी (25), पुत्र स्व. शहाबुद्दीन अंसारी, अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क के बीच में लगे बिजली के पोल से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

​राहगीरों की मदद से उस्मान को तुरंत अलीगढ़वा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जिसके बाद परिजन उन्हें सिद्धार्थनगर के एक निजी अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान मंगलवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।

​स्थानीय लोगों में आक्रोश

​स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के बाद भी बिजली का पोल बीच रास्ते में ही छोड़ दिया गया है, जो पहले भी कई हादसों का कारण बन चुका है। लोगों का आरोप है कि 11 हजार वोल्ट की लाइन गुजरने के बावजूद सुरक्षा के लिए नीचे कोई जाली या घेरा नहीं लगाया गया है और विभाग इस पोल को शिफ्ट करने के प्रति उदासीन बना हुआ है, जिसके कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं।

​टहल रहे व्यक्ति को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर

​दूसरी दुर्घटना कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के कंचनिया गांव के पास दो अक्टूबर की देर शाम हुई थी। कंचनिया निवासी 48 वर्षीय तेज बहादुर सड़क किनारे टहल रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें ठोकर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार रात इलाज के दौरान तेज बहादुर की भी मौत हो गई।

​पुलिस ने कराया पोस्टमॉर्टम

थानाध्यक्ष विपिन सिंह राठौर ने बताया कि तेज बहादुर के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। वहीं, उस्मान अंसारी के परिवार वालों ने पोस्टमॉर्टम न कराने की इच्छा जताई, जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।