📅 Published on: October 11, 2025
सशक्त नारी समृद्ध प्रदेश के मंत्र पर बल, महिला हेल्पलाइन की दी गई जानकारी
परमात्मा उपाध्याय
बांसी (बस्ती)। माननीय प्रधानमंत्री और माननीय मुख्यमंत्री के संकल्प ‘सशक्त नारी समृद्ध प्रदेश’ को साकार करने की दिशा में, श्री राम बिलास इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड मेडिकल साइंसेज, सोनखर, बांसी के ऑडिटोरियम में 30 सितंबर 2025 को “मिशन शक्ति” की एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला की अध्यक्षता डीआईजी पुलिस, बस्ती, डॉ. संजीव त्यागी ने की। उन्होंने संस्थान की छात्राओं को आत्मरक्षा के महत्व और महिला सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा जारी महिला हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी।
डीआईजी डॉ. त्यागी ने छात्राओं को निर्भीक होकर अपनी शिक्षा और करियर पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि पुलिस प्रशासन महिला सुरक्षा के लिए 24 घंटे तत्पर है। उन्होंने किसी भी परेशानी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (Add. SP), सीओ सदर, एंटी रोमियो स्क्वॉड इनचार्ज समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं के सवालों के जवाब दिए और उन्हें कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक किया।
इंस्टीट्यूट के फैकल्टी सदस्यों और छात्राओं ने इस कार्यशाला में उत्साहित होकर भाग लिया। सभी ने सरकार के इस सशक्तिकरण अभियान की सराहना की।
आयोजन के अंत में, छात्राओं को आत्मरक्षा तकनीकों का प्रदर्शन भी दिखाया गया, जिससे उन्हें विषम परिस्थितियों में खुद की रक्षा करने के लिए तैयार किया जा सके।
इंस्टीट्यूट प्रशासन और उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने ‘मिशन शक्ति’ जैसे जन-कल्याणकारी अभियान चलाने के लिए माननीय प्रधान मंत्री एवं माननीय मुख्यमंत्री का हार्दिक धन्यवाद व आभार व्यक्त किया। इस दौरान डॉ विमल कुमार द्विवेदी , डॉ अनीता द्विवेदी , इंद्रजीत सहित कॉलेज स्टाफ और छात्र उपस्थित रहे।