📅 Published on: October 16, 2025
वेतन रोका, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप; साथी शिक्षकों ने अस्पताल पहुंचाया
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर, इटवा। प्राथमिक विद्यालय भदोखर भदोखरी में तैनात एक शिक्षक द्वारा कथित रूप से खंड शिक्षा अधिकारी (SDI) इटवा राजेश कुमार की प्रताड़ना से तंग आकर ज़हर खा लेने का सनसनीखेज़ मामला सामने आया है। शिक्षक, जिनकी पहचान शौकेंद्र के रूप में हुई है, की हालत गंभीर बनी हुई है।
मानसिक दबाव और जातिगत टिप्पणी का आरोप
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, SDI राजेश कुमार पर शिक्षक शौकेंद्र को लगातार परेशान करने का आरोप है। बताया जाता है कि SDI द्वारा उन्हें अक्सर इटवा, डुमरियागंज या भनवापुर बुलाकर विभिन्न ऑनलाइन कार्यों, रजिस्टरों और बच्चों के आधार संबंधी कार्यों को पूरा करने के लिए अनुचित दबाव बनाया जाता था। आरोप है कि इस दौरान शिक्षक के साथ कथित तौर पर जाति सूचक शब्दों का प्रयोग भी किया जाता था।
दो महीने से रुका था वेतन
बताया जाता है कि पिछले दो महीनों से शिक्षक शौकेंद्र का वेतन भी रोक दिया गया था, जिससे वे गहरे मानसिक तनाव में थे। इसी तनाव के चलते उन्होंने बीती रात यह आत्मघाती कदम उठाया और ज़हर खा लिया।
अस्पताल में भर्ती, स्थिति नाज़ुक
जैसे ही साथी शिक्षकों को घटना की जानकारी मिली, वे तत्काल शौकेंद्र को अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत में थोड़ा सुधार हुआ था, लेकिन सुबह होते ही स्थिति फिर बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें उच्च केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया है। फिलहाल शिक्षक की हालत नाजुक बनी हुई है।
इस घटना ने स्थानीय शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा दिया है और साथी शिक्षकों में रोष व्याप्त है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की जा रही है।