📅 Published on: October 19, 2025
गुरु जी की कलम से
बढ़नी, सिद्धार्थनगर। दीपावली के पावन पर्व से पहले, डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल ने आज नगर पंचायत बढ़नी कार्यालय पहुंचकर कर्मचारियों को बड़ा उपहार दिया। उन्होंने सभी कर्मचारियों को दीपावली का भेंट देते हुए उनके घरों में खुशियाँ पहुँचाने का प्रयास किया।
सांसद पाल ने इस अवसर पर कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्हें “अपने परिवार का सदस्य” बताया। उन्होंने कहा, “आप सभी लोग हमारे परिवार के हैं। परिवार के सदस्य रहने के कारण हम हर वर्ष आपके त्योहारों में आपके घर खुशियां बांटने के लिए हमेशा हाजिर रहते हैं। आप लोग मेरा यह यतोचित उपहार सम्मान पूर्वक ग्रहण कीजिए।” उन्होंने समाज में ‘कोई छोटा-बड़ा नहीं’ होने के संदेश पर भी जोर दिया।
GST में कमी को बताया मोदी सरकार का तोहफा
सांसद जगदंबिका पाल ने इस दौरान केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जीएसटी (GST) में कमी किए जाने से कर्मचारियों और आम लोगों को त्योहार के समय विभिन्न सामानों के दामों में गिरावट नजर आ रही होगी। उन्होंने जोर देकर कहा, “जीएसटी कम होने से आप लोगों की क्रय शक्ति बढ़ गई है, जिससे आपके घर खुशियों का सौगात पहुँचा है।
इस अवसर पर सांसद ने कर्मचारियों के साथ-साथ वहाँ उपस्थित पत्रकारों को भी उपहार देकर उनका सम्मान किया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत बढ़नी अध्यक्ष सुनील अग्रहरि, तुलसीयापुर के अनिल अग्रहरि, राजू शाही समेत कई दिग्गज नेता, नगर पंचायत के कर्मचारी, व्यापारी, पत्रकार और पुलिस प्रशासन के लोग उपस्थित रहे।