📅 Published on: October 23, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जुड़वनिया में उस समय हड़कंप मच गया जब दबंगों के एक गुट ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्रीचंद जायसवाल और उनके दोनों बेटों पर गुट बनाकर जानलेवा हमला कर दिया। पुरानी रंजिश को लेकर हुई इस मारपीट में प्रधान प्रतिनिधि के दोनों बच्चे भी चोटिल हो गए हैं। पीड़ित परिवार ने घटना के बाद त्रिलोकपुर थाने में नामजद तहरीर दी है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित परिवार ने बताया कि उनकी कोई गलती नहीं थी। यह हमला गांव के कुछ लोगों और बाहरी तत्वों द्वारा पुरानी साजिश के तहत किया गया।
प्रधान प्रतिनिधि श्रीचंद जायसवाल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि “हमारे गांव का एक लड़का चिताही से वापस आ रहा था, जिसे दूसरे गांव के कुछ लोग घेरे हुए थे। इसी दौरान, पुरानी रंजिश को लेकर गांव के बब्बन और मनोज, ललाऊ पाण्डेय, नीरज सहित अन्य लोगों ने मिलकर मुझे और मेरे बेटों को खूब मारा-पीटा।”
पीड़ित परिवार ने बताया कि इस हमले में उनके दोनों बच्चे भी चोटिल हो गए हैं।
न्याय की गुहार
मारपीट में चोटिल हुए प्रधान प्रतिनिधि के बेटे ओंकार जायसवाल और दुर्गेश जायसवाल ने प्रशासन से जल्द से जल्द मदद की मांग की है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि दबंगों को कड़ी से कड़ी सजा मिले ताकि उन्हें न्याय मिल सके।
घटना को लेकर प्रधान प्रतिनिधि श्रीचंद जायसवाल ने त्रिलोकपुर थाने में तहरीर दे दी है। पुलिस मामले की जाँच में जुटी है।