📅 Published on: October 24, 2025
नियमतुल्लाह खान
डुमरियागंज। सिद्धार्थनगर जिले के तेलियाडीह में डॉ. भीमराव अंबेडकर साहब की मूर्ति खंडित होने के मामले को लेकर सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी से बहुजन समाज में भारी आक्रोश फैल गया है। इस मामले में आजाद समाज पार्टी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी शिव कुमार आजाद ने डुमरियागंज थाने में लिखित तहरीर दी है और टिप्पणी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता शिव कुमार आजाद ने बताया कि 22 दिसंबर को तेलियाडीह में बाबा साहब की मूर्ति खंडित हुई थी। इस घटना को लेकर कई लोगों ने फेसबुक पर पोस्ट किए थे। इन्हीं पोस्ट पर ‘विजय शुक्ला’ नामक फेसबुक अकाउंट से अत्यंत अभद्र टिप्पणी की गई है। इस टिप्पणी को लेकर बहुजन समाज में गहरा आक्रोश है।
शिव कुमार आजाद ने आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि अभद्र टिप्पणी करने वाले व्यक्ति का मूर्ति खंडित करने या करवाने में अहम योगदान हो सकता है। उन्होंने पुलिस से प्रार्थना पत्र देते हुए मांग की है कि अभद्र टिप्पणी करने वाले व्यक्ति पर न सिर्फ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, बल्कि इस बात की भी गहन जांच की जाए कि मूर्ति खंडित करने की घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे।
शिकायतकर्ता ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में तत्काल और उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे लोग इस मुद्दे को आगे तक ले जाएंगे। बहुजन समाज के लोगों ने टिप्पणी करने वाले व्यक्ति पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।